नई दिल्ली/कोलकाता। कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (सीएआईटी) और इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गनाइजेशन (आईटीपीओ) के संयुक्त तत्वावधान में 12 से 15 अगस्त तक नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित बहु-क्षेत्रीय ‘भारतीय व्यापार महोत्सव’ में पश्चिम बंगाल की औद्योगिक एवं व्यावसायिक संभावनाओं को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने के उद्देश्य से सीएआईटी पश्चिम बंगाल द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई। इस अवसर पर सीएआईटी पश्चिम बंगाल ने पश्चिम बंगाल औद्योगिक विकास निगम (डब्ल्यूबीआईडीसी) के सहयोग से विशेष ‘सोनार बांग्ला लाउंज’ स्थापित किया। यह पहल पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद से साकार हुई। ‘सोनार बांग्ला लाउंज’ का उद्देश्य देशभर के उद्योगपतियों, निवेशकों और व्यापारिक प्रतिनिधियों को पश्चिम बंगाल की औद्योगिक क्षमता, निवेश के अवसरों एवं व्यावसायिक संभावनाओं से परिचित कराना तथा राज्य में नए निवेश को प्रोत्साहित करना था। 12 अगस्त को ‘सोनार बांग्ला लाउंज’ का औपचारिक उद्घाटन पश्चिम बंगाल के प्रधान आवासीय आयुक्त दुष्यंत नारियाला ने किया। उद्घाटन अवसर पर उद्योग एवं व्यापार जगत से जुड़े अनेक प्रमुख प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस महत्वाकांक्षी पहल की परिकल्पना, समन्वय एवं क्रियान्वयन में सीएआईटी के राष्ट्रीय कार्यकारी चेयरमैन सुभाष चंद्र अग्रवाला, राष्ट्रीय सलाहकार डॉ. साबरमल धमनियां, राष्ट्रीय सचिव सुश्री सिद्धि जैन तथा सीएआईटी पश्चिम बंगाल के अध्यक्ष संजय झुनझुनवाला, उपाध्यक्ष अभिषेक वर्मा एवं ओमप्रकाश झांझरिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पहल को सफल बनाने के लिए पश्चिम बंगाल के विभिन्न जिलों एवं क्षेत्रों से सीएआईटी पश्चिम बंगाल के 150 से अधिक सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहे। इन सदस्यों ने ‘सोनार बांग्ला लाउंज’ के माध्यम से पश्चिम बंगाल की औद्योगिक एवं व्यावसायिक क्षमता को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने के प्रयास को सक्रिय समर्थन प्रदान किया।
‘सोनार बांग्ला लाउंज’ को देश के विभिन्न हिस्सों से आए उद्योगपतियों और व्यापारियों के बीच व्यापक सराहना मिली। चार दिवसीय आयोजन के दौरान लाउंज में बड़ी संख्या में व्यापारिक प्रतिनिधियों एवं संभावित निवेशकों ने सहभागिता की तथा पश्चिम बंगाल में औद्योगिक इकाइयों की स्थापना, व्यवसाय के विस्तार और निवेश की संभावनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। लाउंज को आकर्षक एवं प्रभावी रूप देने में श्याम स्टील, कैप्टन स्टील, मैथन अलॉयज, सिल्वरलाइन इंडस्ट्रीज, पीपी इलेक्ट्रोपावर, लियांस प्रॉपर्टीज, ईएफसी, वीटोल एविएशन इंडिया तथा श्री दक्षिणेश्वर मां पॉलीफैब्स लिमिटेड जैसे प्रतिष्ठित उद्योग समूहों का महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ।