आसनसोल: आगामी दुर्गा पूजा को देखते हुए आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने महिला सुरक्षा को लेकर एक नई पहल शुरू की है। कमिश्नरेट की ओर से 10 सदस्यीय महिला पुलिस टीम ‘दुर्गा वाहिनी’ को मैदान में उतारा गया है। स्कूटी सवार यह विशेष टीम शहर के विभिन्न इलाकों में गश्त करते हुए महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा पर विशेष नजर रखेगी।दुर्गा वाहिनी को आसनसोल दक्षिण की विधायक एवं मंत्री अग्निमित्रा पॉल, जिला शासक एस. पन्नोबलम तथा पुलिस आयुक्त डॉ. प्रणव कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। पूजा के दौरान बाजारों, सड़कों और पंडालों में देर शाम से रात तक बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटती है। ऐसे में महिलाओं से छेड़छाड़, पीछा करने या अन्य अप्रिय घटनाओं की आशंका को देखते हुए महिला पुलिसकर्मियों की इस टीम को त्वरित निगरानी और सहायता की जिम्मेदारी दी गई है। स्कूटी के माध्यम से टीम कम समय में अलग-अलग इलाकों तक पहुंच सकेगी और आवश्यकता पड़ने पर स्थानीय पुलिस टीम के साथ समन्वय कर कार्रवाई करेगी।मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान महिलाओं और युवतियों की बड़ी संख्या में भागीदारी रहती है। ऐसे में उनका सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण में पूजा का आनंद लेना सुनिश्चित करना पुलिस-प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने ‘दुर्गा वाहिनी’ को शक्ति और सुरक्षा का प्रतीक बताते हुए कहा कि इसकी महिला सदस्य शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय रहकर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेंगी।दुर्गा वाहिनी की महिला पुलिसकर्मियों को विशेष पिंक वर्दी दी गई है, जिससे भीड़भाड़ वाले इलाकों में उनकी पहचान आसानी से हो सके। टीम की मौजूदगी महिलाओं के बीच सुरक्षा का भरोसा बढ़ाने के साथ असामाजिक तत्वों के लिए भी सतर्कता का संदेश देगी।कार्यक्रम में कमिश्नरेट के सभी 17 पुलिस थानों में आयोजित स्वच्छता मूल्यांकन के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया। अंडाल और जमुरिया थाना ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं पांडवेश्वर थाना को बेहतर सौंदर्यीकरण और हरियाली के लिए विशेष पुरस्कार प्रदान किया गया। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की यह पहल आगामी दुर्गा पूजा के दौरान महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ शहर में सुरक्षित, अनुशासित और भरोसेमंद माहौल कायम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।