बराकर सावन माह के अंतिम सोमवारी पर नदीतट स्थित शिवशक्ति धाम मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। अखण्ड 24 घंटे चले हरिनाम संकीर्तन एवं महादेव का विशेष श्रृंगार ओम शांति भजन जागरण के संचालक रामराज कुशवाहा की टोली ने बड़े श्रद्धाभाव से संपन्न कराया। कार्यक्रम में मंदिर समिति के अध्यक्ष सुरेश विश्वकर्मा, उपाध्यक्ष जमुना गुप्ता, सचिव अमरजीत गुप्ता, कोषाध्यक्ष महेश तिवारी, चंद्र शेखर शाव तथा समाजसेवी पिंटू प्रियदर्शिनी सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।मुख्य यजमान मोती यादव एवं उनकी धर्मपत्नी तथा गोपी सोनार व उनकी धर्मपत्नी ने प्रमुख पुजारी कैलाश तिवारी व रोहित पंडित के सान्निध्य में महादेव व नंदी महाराज की विधि-विधान से पूजा अर्चना करी। संकीर्तन के दौरान भजन टोली ने शांति और भक्ति से भरे भजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं के हृदय को स्पर्श किया, जबकि समिति के सदस्यों ने उत्तरीय देकर मंचीय अतिथियों और कलाकारों का सम्मान किया।
दूसरे दिन मंगलवार को संगठित भजन-कीर्तन के पश्चात श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को अबीर लगाकर उत्सव का रंग बढ़ाया और अंत में पूर्णाहुति के साथ भंडारे में खिचड़ी प्रसाद वितरित कर कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। समिति के सचिव अमरजीत गुप्ता ने बताया कि हर वर्ष सावन के अंतिम सोमवार को यह परंपरा निभाई जाती है और हजारों श्रद्धालुओं द्वारा प्रसाद ग्रहण कर कार्यक्रम में भाग लिया जाता है।