कोलकाता: पश्चिम बंगाल में उद्योग और निवेश को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बुधवार को कोलकाता के मिलन मेला परिसर में “उद्योग के लिए भूमि आवंटन” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, उद्योग मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी तथा राज्य के प्रमुख उद्योगपति और औद्योगिक संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।कार्यक्रम में प्रमुख उद्योगपति एवं समाजसेवी सुभाष अग्रवाला तथा डॉ. सवार धनानिया की विशेष उपस्थिति रही। दोनों को कार्यक्रम में अग्रिम पंक्ति में स्थान दिया गया। वहीं, CAIT पश्चिम बंगाल से जुड़े 40 से अधिक प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।इस अवसर पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने 33 कंपनियों एवं औद्योगिक संस्थानों को निवेश के लिए भूमि से संबंधित आवश्यक दस्तावेज सौंपे। उन्होंने कहा कि राज्य में औद्योगिक निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया जा रहा है और सरकार निवेशकों को आवश्यक सुविधाएं एवं सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने उद्योग जगत को भरोसा दिलाते हुए कहा कि राज्य में कारोबारी गतिविधियों को निर्बाध रूप से आगे बढ़ाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य पश्चिम बंगाल को व्यापार एवं निवेश के क्षेत्र में देश के प्रमुख राज्यों में स्थापित करना है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी कारोबारी या निवेशक को किसी व्यक्ति द्वारा पार्टी या राजनीतिक प्रभाव का हवाला देकर परेशान किया जाता है अथवा निवेश के रास्ते में बाधा उत्पन्न की जाती है, तो इसकी शिकायत सरकार के टोल-फ्री नंबर पर की जा सकती है। शिकायत पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा भी उन्होंने दिया।
मुख्यमंत्री ने बड़े निवेशकों के लिए सरकार की पहल का उल्लेख करते हुए कहा कि 100 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करने वाले निवेशकों तक सरकार स्वयं पहुंचकर आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएगी, ताकि उन्हें सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।कार्यक्रम के दौरान सुभाष अग्रवाला को मुख्यमंत्री के साथ कॉफी एवं अल्पाहार के दौरान उद्योग, व्यापार और राज्य के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा करने का अवसर मिला। कार्यक्रम में उद्योग जगत की व्यापक भागीदारी ने राज्य में निवेश और औद्योगिक विकास को लेकर सरकार एवं व्यापारिक समुदाय के बीच संवाद को प्रमुखता दी।