*महारुद्राभिषेक के आयोजन में गूंजे वैदिक मंत्र, भव्य सत्संग में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने लिया आध्यात्मिक आनंद*
बराकर। सावन के पावन महीने में बराकर का बेगुनिया क्षेत्र आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्ति के रंग में सराबोर हो उठा। आर्ट ऑफ लिविंग, बराकर शाखा की ओर से श्री सीताराम बाबा गौरांग मंदिर परिसर में भव्य महारुद्राभिषेक एवं सत्संग का आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार, धार्मिक अनुष्ठान और भक्ति संगीत से पूरा वातावरण शिवमय हो गया।
आर्ट ऑफ लिविंग के बेंगलुरु आश्रम से पधारे वेदाचार्य के सान्निध्य में विधि-विधान के साथ महारुद्राभिषेक संपन्न हुआ। जैसे ही वैदिक मंत्रों की गूंज मंदिर परिसर में सुनाई दी, श्रद्धालु भक्ति और आस्था में डूब गए। सावन के पवित्र माह में आयोजित इस अनुष्ठान में भगवान शिव से क्षेत्र, समाज और देश की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की गई।
महारुद्राभिषेक के उपरांत आयोजित सत्संग में बराकर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। आध्यात्मिक विचारों और भजनों ने वातावरण को और अधिक भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं के बीच श्रद्धापूर्वक भोग-प्रसाद का वितरण किया गया।
आर्ट ऑफ लिविंग, बराकर शाखा द्वारा पिछले कई वर्षों से सावन के अवसर पर इस धार्मिक आयोजन की परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है। आयोजन का उद्देश्य आध्यात्मिक चेतना, सकारात्मक ऊर्जा और सामाजिक एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में राजेश अग्रवाल, सुरेश साव, उमेश माधोगढ़िया, राकेश शर्मा, पवन बर्नवाल,बबलू साव सहित आर्ट ऑफ लिविंग के सभी सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा। आयोजकों ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।