अंडाल: अंडाल ब्लॉक द्वारा आयोजित युवा संसद प्रतियोगिता, 2026 में आठ विद्यालयों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उखड़ा आदर्श हिंदी हाई स्कूल (HS) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार चौथी बार चैंपियन ट्रॉफी अपने नाम की। विद्यालय ने 300 में से 278.7 अंक प्राप्त कर जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया। अंडाल गर्ल्स हाई स्कूल ने द्वितीय तथा खास काजोड़ा हाई स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।युवा संसद प्रतियोगिता का आयोजन भारत सरकार के संसदीय कार्य मंत्रालय के तत्वावधान में किया जाता है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को संसद की कार्यप्रणाली एवं संसदीय प्रक्रियाओं से परिचित कराने के साथ-साथ उनमें लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास तथा नागरिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना है।
उखड़ा आदर्श हिंदी हाई स्कूल के कुल 15 विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में भाग लेते हुए संसद एवं सरकार के विभिन्न पदों और भूमिकाओं का प्रभावशाली निर्वहन किया। उनके आत्मविश्वासपूर्ण प्रदर्शन, प्रभावी संवाद-अदायगी तथा अपने-अपने किरदारों के सजीव चित्रण ने निर्णायकों और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
प्रतिभागियों में आकांक्षा बरनवाल ने लोकसभा अध्यक्ष, सौरव बरनवाल ने महासचिव, बिजय शंकर साव ने मार्शल, जगनदीप सिंह ने विदेशी प्रतिनिधि, अनीसा कुमारी ने प्रधानमंत्री एवं वित्त मंत्री, अंजलि विश्वकर्मा ने गृह मंत्री, श्रेया यादव ने शिक्षा मंत्री, मेघा ठाकुर ने महिला एवं बाल विकास मंत्री, महिमा कुमारी ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री, रौनक बरनवाल ने जल शक्ति/जनजातीय कार्य मंत्री तथा निशा कुमारी नोनिया ने नेता प्रतिपक्ष की भूमिका निभाई। वहीं हुस्नारा खातून, ज्योति कुमारी बर्नवाल, अर्पिता तिवारी और शिवम गोस्वामी ने विपक्षी सांसदों की भूमिका का प्रभावशाली निर्वहन किया। दूसरी ओर, तनुश्री सिंह ने हिंदी निबंध प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता के लिए स्क्रिप्ट लेखन एवं टीम का प्रशिक्षण विद्यालय के अंग्रेजी शिक्षक मो. एहतशाम अहमद ने किया। इस कार्य में विद्यालय के अन्य शिक्षक मो. खुर्शीद अंसारी एवं रंजिता मिंज ने भी सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान किया। उनके समर्पित मार्गदर्शन, अथक तैयारी और सामूहिक प्रयासों ने विद्यालय की इस शानदार सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रवीण कुमार सिंह ने पूरी टीम को इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए बधाई दी तथा विद्यार्थियों और शिक्षकों की कड़ी मेहनत एवं समर्पण की सराहना की। उन्होंने राजनीति और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में शिक्षित एवं जिम्मेदार युवाओं की अधिकाधिक भागीदारी की आवश्यकता पर बल देते हुए विद्यार्थियों को अपने नेतृत्व एवं संप्रेषण कौशल को निरंतर विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने आगामी जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए टीम को शुभकामनाएँ भी दीं।
लगातार चौथी बार चैंपियनशिप अपने नाम कर उखड़ा आदर्श हिंदी हाई स्कूल ने एक बार फिर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है और युवा संसद की गतिविधियों में अपनी उत्कृष्ट परंपरा को कायम रखा है।