दुमका,गौतम ठाकुर:आज सूबे की उपराजधानी दुमका के गांधी मैदान में दो फरवरी रविवार को आयोजित 46 वां झारखंड दिवस में हिस्सा लेने दुमका पहुंचे मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन एवं विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन का आयुक्त, उपायुक्त सहित अन्य वरीय पदाधिकारियों द्वारा सिदो-कान्हू हवाई अड्डा पर पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को गार्ड ऑफ़ ऑनर दिया गया। बताते चलें कि रविवार दो फरवरी को दुमका के गांधी मैदान में झारखंड मुक्ति मोर्चा का 46वां स्थापना दिवस मनाया जा रहा है| इस कार्यक्रम को झारखंड मुक्ति मोर्चा का शक्ति प्रदर्शन भी कहा जाता है| इस दिन झामुमो के सांसद, विधायक समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व आमजन गांधी मैदान में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेकर अपने नेताओं को ध्यानपूर्वक सुनते हैं| कार्यक्रम का समापन दिशोम गुरु शिबू सोरेन के आशीर्वचन से होता है| यह कार्यक्रम करीब करीब रात-भर चलता है|
