बैरकपुर: पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के हलीशहर में तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के काफिले को विरोध का सामना करना पड़ा। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने उनके काफिले को रोककर उनकी गाड़ी पर कीचड़, पानी की बोतलें और जूते-चप्पल फेंके। ममता बनर्जी ने दावा किया कि पुलिस की मौजूदगी में यह सब हुआ है। उन्होंने घटना के बीजेपी को जिम्मेदार ठहराया। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए बंगाल बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा कि मैं साफ कर दूं। ममता बनर्जी की गाड़ी पर कीचड़ फेंकने, पत्थर फेंकने या चप्पल फेंकने की घटनाओं से बीजेपी का कोई लेना-देना नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने टीएमसी पर जोरदार हमला बोला। साथ ही उन्होंने ममता बनर्जी की सरकार में बीजेपी नेताओं पर हुए अत्याचार का ब्योरा दिया।