देवघर:श्रावण मास के पावन अवसर पर राजस्थान के खंडार विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक एवं पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव-2026 के आसनसोल जिला प्रवासी जितेंद्र गोठवाल शनिवार सुबह देवघर पहुंचे। उन्होंने विश्वप्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम ज्योतिर्लिंग में विधिवत पूजा-अर्चना कर बाबा बैद्यनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।पूजा-अर्चना के दौरान विधायक जितेंद्र गोठवाल ने बाबा बैद्यनाथ से देशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की मंगलकामना की। उन्होंने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना और आस्था का पवित्र पर्व है। बाबा बैद्यनाथ धाम में दर्शन एवं पूजा-अर्चना का सौभाग्य प्राप्त होना उनके लिए अत्यंत श्रद्धा और आध्यात्मिक संतोष का विषय है।उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ की कृपा से देश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़े, समाज में आपसी सौहार्द और भाईचारा मजबूत हो तथा प्रत्येक परिवार में सुख-समृद्धि बनी रहे, यही उनकी प्रार्थना है।
बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। विधायक गोठवाल ने श्रद्धालुओं के साथ भगवान शिव के जयकारे लगाए और देश एवं समाज के कल्याण की कामना की।